
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावितों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रत्येक परिवार से व्यक्तिगत बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अग्निकांड से प्रभावित हर परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड से हुए नुकसान का विस्तृत और वास्तविक आकलन किया जाए तथा आर्थिक सहायता के साथ प्रभावितों की जरूरतों के अनुसार सभी जरूरी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
सर्दी और बर्फबारी से पहले सुरक्षित आवास की व्यवस्था के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनका जीवन सामान्य बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को सबसे पहले सभी परिवारों के रहने के लिए सुरक्षित और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सर्दी के मौसम और क्षेत्र में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए ऐसी व्यवस्था करने को कहा गया है, जिससे किसी भी परिवार को प्रतिकूल मौसम में परेशानी न हो।
छह महीने का राशन उपलब्ध कराने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निकांड में ग्रामीणों के घरों के साथ वहां सुरक्षित रखा छह महीने का राशन भी नष्ट हो गया है। इससे प्रभावित परिवारों के सामने खाद्यान्न का संकट पैदा हो सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों के लिए आगामी छह महीने के राशन की समुचित व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही उनकी अन्य दैनिक जरूरतों का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, स्कूल की व्यवस्था करने को कहा
मुख्यमंत्री ने बच्चों की शिक्षा को लेकर भी संवेदनशीलता जताई। उन्होंने कहा कि अग्निकांड के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जरूरत के अनुसार विद्यालय की व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा लगातार जारी रह सके। अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
जलाशय और हेलीपैड सहित विकास कार्य भी होंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि पवाणी गांव की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जलाशय, हेलीपैड और अन्य जरूरी विकास कार्य भी किए जाएंगे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को राहत देने और उन्हें फिर से सामान्य जीवन की ओर लौटाने की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने घर और जीवनभर की जमा पूंजी खोई है, उनकी पीड़ा को समझना जरूरी है। सरकार का प्रयास केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि हर परिवार को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करना और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाना है।
