
देहरादून। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ के अवसर पर पहली बार आयोजित आपदा प्रबंधन दिवस के तहत शनिवार को उत्तराखंड में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस राज्यव्यापी अभ्यास में राज्य स्तर के साथ ही सभी 13 जनपदों और तहसील स्तर पर गठित घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) की टीमों ने हिस्सा लिया। अभ्यास का उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न एजेंसियों की तैयारियों, समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता को परखना रहा।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) पहुंचकर मॉक ड्रिल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए साहस, धैर्य, समन्वय और मानवीय संकल्प की ऐतिहासिक मिसाल है। इस अभियान ने साबित किया कि कठिन आपदा की स्थिति में सभी एजेंसियां स्पष्ट रणनीति और आपसी समन्वय के साथ काम करें तो चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी सफलता हासिल की जा सकती है।
आपदा से मिली सीख को तैयारियों में शामिल करना जरूरी
मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि आपदा प्रबंधन दिवस केवल किसी घटना को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उससे मिली सीख को भविष्य की तैयारियों में शामिल करने का अवसर भी है। मॉक ड्रिल के जरिए यह परखा जाता है कि वास्तविक आपदा के समय हमारी व्यवस्थाएं कितनी तत्परता और प्रभावी ढंग से काम कर सकती हैं।
इस अवसर पर मंत्री ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के ड्यूटी ऑफिसर के दायित्वों पर आधारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि SEOC आपदा प्रबंधन व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका बेहद अहम है। SOP के माध्यम से उनके दायित्वों, कार्यप्रणाली और आपात स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई को अधिक स्पष्ट और व्यवस्थित बनाया गया है।
1,200 स्थानों पर मॉक ड्रिल, 3,000 से अधिक जगहों पर जागरूकता कार्यक्रम
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। शनिवार को 150 स्थानों पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल हुई। वहीं, चार दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान कुल 1,200 स्थानों पर मॉक ड्रिल के जरिए आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और तैयारियों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा 3,000 से अधिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को आपदा से बचाव, पूर्व तैयारी और सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया।
ये अधिकारी रहे मौजूद
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) रघुवीर सिंह भंडारी, सचिव विनोद कुमार सुमन, अपर सचिव प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं डीआईजी राजकुमार नेगी, कमांडेंट एसडीआरएफ अजय गणपति और संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
