
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन को उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि यह आयोजन राज्य को आपदा प्रबंधन, अनुसंधान और वैश्विक सहयोग के क्षेत्र में प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में सार्थक पहल है। सम्मेलन में विभिन्न देशों के अनुभवों, आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और शोध को साझा करने के साथ आपदाओं से निपटने के लिए समन्वित रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी।
50 से अधिक देशों की भागीदारी, वैश्विक मंच पर उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों, देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ करीब 50 देशों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि आपदा प्रबंधन अब किसी एक देश या क्षेत्र तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि पूरी मानवता की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को भी साकार कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने आयोजन से जुड़ी हिमालयन एकेडमी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी सहित सभी संस्थाओं और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन विभिन्न देशों और क्षेत्रों के विशेषज्ञों को एक साझा मंच पर जोड़ रहा है, जिससे आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग और ज्ञान का आदान-प्रदान बढ़ेगा।
सिलक्यारा रेस्क्यू को याद कर भावुक हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि 28 नवंबर का दिन उत्तराखंड के लिए विशेष महत्व रखता है। वर्ष 2023 में इसी अवधि के दौरान सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था। उन्होंने उस कठिन समय को याद करते हुए कहा कि पूरा देश श्रमिकों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहा था। सुरंग के बाहर परिजनों की चिंता, प्रदेशवासियों की उम्मीदें और बाबा बौखनाग जी के प्रति लोगों की आस्था अभियान के दौरान संबल बनी रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 41 श्रमिकों का सुरक्षित बाहर आना केवल एक रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता नहीं, बल्कि मानवता, साहस, धैर्य और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक विजय थी। उन्होंने श्रमिक गब्बर सिंह नेगी सहित सभी श्रमिकों के साहस और धैर्य की सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी लगातार लेते रहे अभियान की जानकारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि सिलक्यारा रेस्क्यू अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार स्थिति की जानकारी लेते रहे। प्रधानमंत्री प्रतिदिन उनसे संवाद कर रहे थे और हर स्तर पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के सहयोग को कठिन समय में अभिभावक के समान संबल बताया।
उन्होंने अभियान में योगदान देने वाले इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रैट माइनर्स, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, केंद्रीय और राज्य की एजेंसियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब बड़ी मशीनों के सामने चुनौतियां आईं, तब रैट माइनर्स ने अपने कौशल और साहस से अंतिम चरण में महत्वपूर्ण सफलता दिलाई। यह अभियान आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ मानवीय संवेदनशीलता, अनुभव और सामूहिक प्रयासों के समन्वय का उदाहरण बना।
जलवायु परिवर्तन से बढ़ रहीं आपदाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया जलवायु परिवर्तन के कारण गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। कहीं अत्यधिक वर्षा और बाढ़ तो कहीं सूखा, भूस्खलन, वनाग्नि और चरम मौसमी घटनाएं जनजीवन को प्रभावित कर रही हैं। इन आपदाओं का असर केवल जन-धन की हानि तक सीमित नहीं रहता, बल्कि अर्थव्यवस्था, कृषि, प्राकृतिक संसाधनों और सामाजिक संरचना पर भी पड़ता है।
उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में आपदा प्रबंधन के लिए वैश्विक स्तर पर साझा प्रयास, अनुभवों का आदान-प्रदान और प्रभावी कार्ययोजना जरूरी है। विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन इस दिशा में विचार-विमर्श और सहयोग का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
