
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, पर्यटन, उद्योग, निवेश, ऊर्जा, आधारभूत सुविधाओं, कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन समेत विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उत्तराखंड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। सरकार ने योजनाएं बनाने के साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन और लाभ आम लोगों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र-राज्य के बेहतर समन्वय से प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है।
रोजगार के क्षेत्र में 36 हजार से अधिक नियुक्तियां
मुख्यमंत्री के अनुसार, बीते पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के लिए 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के प्रथम चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ने की प्रक्रिया भी जारी है।
शिक्षा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने वाला पहला राज्य
धामी ने कहा कि उत्तराखंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है। देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी का निर्माण भी किया जा रहा है।
3.10 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
महिला सशक्तीकरण के संबंध में मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। देवभूमि परिवार योजना के तहत महिलाओं को परिवार के मुखिया के रूप में मान्यता दी गई है।
महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 5.19 लाख से अधिक महिलाओं को संगठित किया गया है और 70,767 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए हैं।
हाउस ऑफ हिमालयाज की बिक्री छह करोड़ रुपये के पार
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज की बिक्री छह करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अक्टूबर 2026 तक चार लाख से अधिक बेटियों को इस योजना का लाभ मिल चुका है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत लगभग 10 लाख लाभार्थियों को करीब 148 करोड़ रुपये प्रतिमाह डीबीटी के माध्यम से दिए जा रहे हैं।
किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण
किसान कल्याण की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई है।
मंडुआ खरीद के लिए 5,200 रुपये प्रति कुंतल की दर निर्धारित की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में खेती को प्रोत्साहित करने के लिए पॉलीहाउस निर्माण पर 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। एप्पल, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन के साथ महक क्रांति के माध्यम से सुगंधित फसलों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों को जीआई टैग के जरिए नई पहचान मिलने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।
2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और आमजन तक उनका लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
