
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में देहरादून में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में स्वास्थ्य, श्रम, आबकारी, खनन, वन, पेयजल, शहरी विकास और कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। हरिद्वार में तीन पीआरटी कॉरिडोर बनाने, आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,700 रुपये की वृद्धि और वन आरक्षी की अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने जैसे फैसले भी शामिल हैं।
आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,700 रुपये की वृद्धि
कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 1,700 रुपये की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। वर्तमान में उन्हें 8,300 रुपये प्रतिमाह मिलते हैं। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।
हरिद्वार में बनेंगे 21.08 किलोमीटर के तीन PRT कॉरिडोर
हरिद्वार में कुल 21.08 किलोमीटर लंबाई के तीन पीआरटी कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इन कॉरिडोर में कुल 21 स्टेशन होंगे। पहले कॉरिडोर की लंबाई 15 किलोमीटर होगी, जो सीतापुर से भारत माता मंदिर तक बनाया जाएगा। इससे शहर में यातायात का दबाव कम करने और लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
वन आरक्षी की अधिकतम आयु सीमा 28 वर्ष
वन आरक्षी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी। वहीं, उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए मंत्रिमंडल उपसमिति गठित की गई है। समिति की सिफारिशों के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा।
आशा और आंगनबाड़ी के साथ श्रमिकों के लिए भी फैसले
श्रम विभाग के तहत असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों के कल्याण के लिए सामाजिक सुरक्षा कोष का गठन किया जाएगा। कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत उत्तराखंड फार्मा संवर्ग के नियमों में संशोधन को मंजूरी दी गई है। अब डी फार्मा के साथ बी फार्मा अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे। राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा अनुबंध यानी बॉन्ड लागू होगा। उत्तराखंड एक्सरे प्राविधिक सेवा संशोधन नियमावली को भी मंजूरी दी गई है।
चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की बैंक गारंटी
चीनी मिलों को ऋण लेने की सुविधा देने के लिए राज्य सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी। खनन विभाग के तहत जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी गई है। हालांकि, रॉयल्टी की दरों में कोई वृद्धि नहीं की गई है।
भूमि उपयोग परिवर्तन की दरों में 25 प्रतिशत की कमी
कैबिनेट ने राज्य में भूमि उपयोग परिवर्तन की दरों में करीब 25 प्रतिशत की कमी करने का फैसला लिया है। भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के प्रावधानों में भी शिथिलता दी जाएगी। इसके लिए प्राधिकरण, यूडीए और शासन स्तर पर अनुमति की व्यवस्था होगी।
बापूग्राम और बिंदुखत्ता की आबादी को लेकर सैद्धांतिक सहमति
कैबिनेट ने बापूग्राम की 594 एकड़ आरक्षित वन भूमि समेत बिंदुखत्ता और अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति दी है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत राज्य सरकार इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी।
विभागों में नए पद और अन्य फैसले
- सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद स्वीकृत किया गया है।
- आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पद सृजित होंगे।
- सेतु आयोग में आईटी से संबंधित पदों को मंजूरी दी गई है।
- उत्तराखंड महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली को मंजूरी मिली है।
- उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव से जुड़े प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है।
- उत्तराखंड में काम नहीं करने के कारण एनएचआईडीसीएल को सूचीबद्धता से हटाने का निर्णय लिया गया है।
- पंचम विधानसभा के सत्र का सत्रावसान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
कैबिनेट ने उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए उपसमिति गठित की है। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि पर अंतिम निर्णय लेने का अधिकार मुख्यमंत्री को दिया गया है।
