
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रदेश के आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत बनाने और जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (SDMP) 2026-27 का विमोचन भी किया।
आग की घटनाओं से प्रभावित परिवारों को SDRF मानकों पर मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को अब आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। ऐसी घटनाओं से प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) के निर्धारित मानकों के अनुरूप राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इस फैसले से घरों में आग लगने की घटनाओं से प्रभावित लोगों को राहत मिलने का रास्ता साफ होगा।
आपदा और सड़क हादसों में मदद करने वाले होंगे पुरस्कृत
सीएम धामी ने कहा कि आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसका उद्देश्य संकट के समय आगे बढ़कर दूसरों की मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करना है।
पूर्व सैनिकों और सेवानिवृत्त वर्दीधारी कर्मियों को मिलेगा प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण घोषणा की। इसके तहत भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे आपदा के समय प्रशिक्षित मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
आपदा प्रबंधन में जनभागीदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए सरकारी तंत्र के साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, राहत और बचाव कार्यों में प्रशिक्षित लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। कार्यक्रम में जारी IRS पुस्तिका और राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 को भी प्रदेश की आपदा तैयारियों और प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
