पंतनगर विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों को मुख्यमंत्री धामी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया संबोधित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ आयोजित छात्र सम्मेलन में विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों (एलुमनाई) को संबोधित किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने भारतीय कृषि के विकास में पंतनगर विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक योगदान की सराहना की।
देश का पहला कृषि विश्वविद्यालय, जिसने बदली भारतीय कृषि की तस्वीर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय देश का पहला कृषि विश्वविद्यालय है। इस संस्थान ने भारतीय कृषि के आधुनिकीकरण, अनुसंधान, नवाचार और किसानों की समृद्धि में ऐतिहासिक योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय ने हरित क्रांति को गति देने, उन्नत बीजों के विकास, आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रसार और गुणवत्तापूर्ण कृषि शिक्षा के माध्यम से देश के लाखों किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
कृषि अनुसंधान और नवाचार का प्रमुख केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि कृषि अनुसंधान और नवाचार का राष्ट्रीय केंद्र है। यहां विकसित तकनीकों और अनुसंधानों ने कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों की आय में वृद्धि करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी आधुनिक कृषि, तकनीकी नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
किसानों की समृद्धि के लिए मिलकर काम कर रही केंद्र और राज्य सरकार
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही हैं।
