
हरिद्वार। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर हरिद्वार में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को याद किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को जाति-पाति और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर समानता, भाईचारे और आपसी सद्भाव का रास्ता दिखाया।
कांग्रेस पर जातियों में समाज को बांटने का आरोप
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस ने दशकों तक समाज को जातियों के गणित में उलझाकर बांटने की राजनीति की। उन्होंने कहा कि समाज को विभाजित करने के बजाय समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना जरूरी है।
पीएम मोदी के नेतृत्व में सबका साथ-सबका विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जा रहा है।
अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी इसी भावना के साथ काम कर रही है। सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और हर वर्ग को समान अवसर एवं सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति विभाजन में नहीं, बल्कि एकता, समानता और सभी की भागीदारी में निहित है।
संत रविदास जी के विचार आज भी प्रासंगिक
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने अपने विचारों और संदेशों के माध्यम से समाज को समानता, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक न्याय का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी सामाजिक भेदभाव समाप्त करने और समरस समाज के निर्माण की प्रेरणा देती हैं।
