
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरु गोविंद नगर, रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए समस्त संगत और प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
गुरु नानक देव जी की तीन शिक्षाओं को जीवन में अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएं हमें परमात्मा का स्मरण करने, ईमानदारी से परिश्रम कर आजीविका अर्जित करने और अपनी कमाई को दूसरों के साथ साझा करने की प्रेरणा देती हैं। इन शिक्षाओं को दैनिक जीवन में अपनाकर बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सिख परंपरा में निहित ‘सरबत दा भला’ की भावना सभी के सुख और कल्याण की कामना करना सिखाती है।
सेवा और साहस की मिसाल है सिख समाज
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की गौरवशाली परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया है। देश की सीमाओं की रक्षा, आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों और जरूरतमंदों की सहायता में सिख समाज का योगदान अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि सिख समाज की सेवा भावना और समर्पण देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
करतारपुर साहिब कॉरिडोर से श्रद्धालुओं को मिली सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख समाज की आस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। करतारपुर साहिब कॉरिडोर खुलने से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का मार्ग सुगम हुआ है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का सिख परंपरा से गहरा आध्यात्मिक और ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। श्री गुरु नानक देव जी की यात्राओं से जुड़ी स्मृतियां प्रदेश में आज भी श्रद्धापूर्वक संजोई जाती हैं।
हेमकुंड साहिब के लिए 12.4 किलोमीटर लंबा रोपवे बनेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में स्थित श्री हेमकुंड साहिब विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गोविंदघाट से श्री हेमकुंट साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि रोपवे बनने से श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम होगी। खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलेगा।
