
मथुरा: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केन्द्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और आवासीय परिसर का शिलान्यास भी किया।
गौ संरक्षण को आधुनिक विज्ञान और अनुसंधान से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मथुरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। भगवान श्रीकृष्ण ने इसी पावन भूमि से मानवता को धर्म, कर्म और कर्तव्य का संदेश दिया। उनके जीवन के अनेक प्रसंग गौमाता के प्रति प्रेम और सम्मान को दर्शाते हैं।
सीएम धामी ने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से भी है। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति गौ सेवा को गोवंश संरक्षण तक सीमित न रखकर आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता ऐसी व्यवस्था की है, जिसमें प्राचीन परंपराएं और आधुनिक विज्ञान एक-दूसरे के पूरक बनें। आयुर्वेद के ज्ञान को वैज्ञानिक अनुसंधान का आधार मिले और गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन की नई संभावनाएं विकसित हों।
पशु चिकित्सा और गौ अनुसंधान के क्षेत्र में खुलेंगी नई संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन प्रकल्पों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, वे भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किए जा रहे हैं। इनसे पशु चिकित्सा, अनुसंधान और गौ संरक्षण के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से प्रशिक्षित होने वाले विद्यार्थी और शोधार्थी नए विचारों को आगे बढ़ाने के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा को भी मजबूती प्रदान करेंगे।
उत्तराखंड और ब्रजभूमि को जोड़ती हैं मां यमुना: सीएम धामी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड और ब्रजभूमि के बीच मां यमुना के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यमुनोत्री धाम से निकलने वाली मां यमुना अनेक क्षेत्रों को जीवन प्रदान करते हुए ब्रजभूमि को सिंचित करती हैं। सीएम धामी ने उत्तराखंड के हरिपुर-कालसी के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि मान्यता है कि प्राचीन समय में यमुनोत्री धाम जाने वाले श्रद्धालु हरिपुर-कालसी में मां यमुना में स्नान करने के बाद अपनी यात्रा प्रारंभ करते थे।
हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिपुर-कालसी की प्राचीन धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया गया है, जिसका हाल ही में लोकार्पण किया गया है। यहां मां यमुना की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। मुख्यमंत्री ने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी आने तथा मां यमुना की आरती में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए ठोस प्रयास जरूरी
सीएम धामी ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का उल्लेख करने से नहीं, बल्कि ठोस कार्यों और प्रयासों से संभव है। नदियों और गोवंश का संरक्षण, अनुसंधान को नई दिशा देना तथा पारंपरिक ज्ञान को आगे बढ़ाना हमारी सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के कार्यों को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के लिए अनुकरणीय बताया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सभी से योगदान देने की अपील की और समिति के पदाधिकारियों, गौ सेवकों तथा सहयोगियों को शुभकामनाएं दीं।
