
मंगलौर, हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार जिले के मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें कन्या डिग्री कॉलेज का नवनिर्माण, वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण, नाले की सफाई और सड़क निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग पर भी जल्द निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण की घोषणा की। इसके अलावा नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले का निर्माण कराया जाएगा। लिब्बरहेड़ी में गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण भी कराया जाएगा।
उन्होंने मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाले सराय राजवाहे की पटरी के निर्माण, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध बनाने तथा ग्राम ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क निर्माण की घोषणा की।
गन्ना मूल्य बढ़ाने पर जल्द फैसला
जन आशीर्वाद रैली में किसानों से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठे। मुख्यमंत्री ने ट्यूबवेल के विद्युत बिल माफ करने की मांग पर कहा कि इस विषय का परीक्षण कराया जाएगा। गन्ना मूल्य में वृद्धि की मांग पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर साल किसानों के हित में गन्ना मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती रही है। पिछले वर्ष भी गन्ना मूल्य में वृद्धि की गई थी और इस वर्ष भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।
मंगलौर क्षेत्र में विकास कार्यों का रखा ब्योरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि मंगलौर के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं। क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए कई कार्य किए गए हैं।
नारसन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है। वहीं, लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।
एक हजार से अधिक परिवारों को मिले आवास
सीएम धामी ने बताया कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक हजार से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालय बनाए गए हैं। क्षेत्र के 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। नहरों से सिंचाई की सुविधा निःशुल्क की गई है। फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। इसके साथ ही किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी मिल रहा है।
UCC और नकल विरोधी कानून का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान और उनकी स्मृतियों को संजोने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया और बाबा साहेब के जीवन से जुड़े पांच स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सुशासन, कानून-व्यवस्था और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, किसानों की आय बढ़ाना और मातृशक्ति को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ सरकार लगातार काम कर रही है।
