
देहरादून: उत्तराखंड में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर आयोजित कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियां भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की यह सफलता प्रदेश की अन्य युवतियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से कहा कि वे सरकारी सेवा को केवल नौकरी नहीं, बल्कि आमजन की सेवा का माध्यम मानकर काम करें।
राजस्व मामलों में संवेदनशीलता बरतने की हिदायत
सीएम धामी ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। आम लोगों की भूमि, आजीविका और अधिकारों से जुड़े मामलों में उनकी भूमिका अहम होती है। नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का निस्तारण सावधानी और समयबद्धता के साथ किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसानों के लिए उनकी जमीन परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। इसलिए अधिकारियों को प्रत्येक मामले में मानवीय संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए।
दूरस्थ गांवों के लोगों को न लगाने पड़ें तहसीलों के चक्कर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील में आने वाले लोगों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनें और उन्हें जरूरी दस्तावेजों तथा प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दें। पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को विशेष प्राथमिकता देते हुए उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए। उन्होंने आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की जिम्मेदारी का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा से हुए नुकसान का सही और समय पर आकलन होना चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जा सके।
भ्रष्टाचार और सिफारिश से दूर रहने की सलाह
सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अधिकारियों को किसी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन में आए बिना नियमों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लेने चाहिए। उन्होंने सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अपनी कार्यशैली में शामिल करने का आह्वान किया।
पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने के लिए प्रदेश सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। युवाओं की मेहनत और भविष्य की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रशासन के माध्यम से आमजन को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। विशेष रूप से उन लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया जाए, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक ही है।
