मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित 'युवा शक्ति संवाद' कार्यक्रम में युवाओं, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स से संवाद किया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे युवा साथियों, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के साथ संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और डिजिटल माध्यमों की सकारात्मक शक्ति को उत्तराखंड के विकास की महत्वपूर्ण ताकत बताया।
राज्य के विकास में युवाओं की भूमिका पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज का युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान का भी परिवर्तनकारी नेतृत्व है। उन्होंने राज्य के समग्र विकास, नवाचार, रोजगार, उद्यमिता और डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग जैसे विषयों पर युवाओं के साथ विस्तृत चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म समाज में सकारात्मक बदलाव लाने, जनजागरूकता बढ़ाने और उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं पर्यटन विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं।
युवाओं के सुझाव और अनुभव सुने
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवा प्रतिभाओं, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के विचार, सुझाव और अनुभव भी सुने। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के नवाचार और रचनात्मक सोच का स्वागत करती है तथा उनके सुझावों को नीति निर्माण और विकास कार्यों में महत्व दिया जाएगा।
विकसित उत्तराखंड के निर्माण का दिया संदेश
मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं से विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक सोच, नई तकनीक का बेहतर उपयोग और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
