देहरादून। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सूचना निदेशालय, देहरादून के प्रांगण में गरिमापूर्ण वातावरण में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
ध्वजारोहण कार्यक्रम में सूचना विभाग के अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक केएस चौहान, उप निदेशक मनोज श्रीवास्तव एवं श्रीमती अर्चना, सूचना अधिकारी विरेश्वर तोमर सहित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। साथ ही देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को भी याद किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि आजादी हमें लंबे संघर्ष और अनगिनत बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है। स्वतंत्रता का यह पर्व हमें न केवल अपने गौरवशाली इतिहास को याद करने का अवसर देता है, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने की प्रेरणा भी देता है।
सूचना विभाग की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा गया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को आमजन तक प्रभावी एवं तथ्यपरक तरीके से पहुंचाने में सूचना विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करते हुए सरकार और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रहित और जनसेवा की भावना को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन देश की एकता, अखंडता और समृद्धि की कामना के साथ हुआ।
