पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रदर्शनी का किया अवलोकन
देहरादून: उत्तराखंड के गठन के रजत जयंती समारोह में शिरकत करने पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उत्तराखंड में बनाई जा रहे उत्पादों की प्रदर्शनी को देखने पहुंचे पीएम मोदी ने कारीगरों के काम की तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड अपनी सशक्त भागीदारी निभा रहा है। राज्य की रजत जयंती से जुड़ी आकर्षक प्रदर्शनी में इसकी विकास यात्रा का साक्षी बना।

कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड की परंपरा और संस्कृति के साथ-साथ उसकी प्रगति को दिखाने वाली कॉफी टेबल बुक का विमोचन कर अत्यंत खुशी हुई है।

इसके साथ ही पीएम मोदी ने डाक टिकट भी जारी किया। पीएम मोदी ने कहा कि “उत्तराखंड के गठन के रजत जयंती समारोह के अवसर पर विशेष डाक टिकट जारी करते हुए अत्यंत गर्व और आनंद का अनुभव हुआ।

पीएम मोदी ने कहा कि आज जब उत्तराखंड अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर रहा है, तो मेरा ये विश्वास और दृढ़ हो गया है कि यह इसके उत्कर्ष का कालखंड है।
उत्तराखंड दौरे के दौरान पीएम मोदी ने क्या कहीं बड़ी बातें
पीएम मोदी ने कहा बीते वर्षों में उत्तराखंड की विकास यात्रा अद्भुत रही है। राज्य ने हर क्षेत्र में काफी प्रगति की है। ये बदलाव सबको साथ लेकर चलने की हमारी नीति का ही नतीजा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देवभूमि का असली परिचय उसकी आध्यात्मिक शक्ति है। उत्तराखंड अगर ठान ले तो अगले कुछ वर्षों में खुद को ‘स्पिरिचुअल कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड’ के रूप में स्थापित कर सकता है।
रजत जयंती समारोह में पीएम मोदी ने कहा कि देश ने आत्मनिर्भर भारत का जो संकल्प लिया है, उसका रास्ता वोकल फॉर लोकल से तय होगा। उत्तराखंड इस विजन को हमेशा से जीता आया है।
मोदी ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने राज्य की विकास यात्रा में आई कई चुनौतियों को पार किया है। यह भी सुनिश्चित किया गया है कि इसकी गति पर ब्रेक ना लगने पाए।
