मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की बैठक, उत्तराखंड की सड़क परियोजनाओं पर मंथन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में प्रतिभाग किया। बैठक में उत्तराखंड से संबंधित सड़क एवं आधारभूत संरचना विकास की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों, सीमांत क्षेत्रों की सामरिक महत्ता, तीर्थाटन, पर्यटन और आपदा प्रबंधन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक एवं मजबूत सड़क नेटवर्क के विकास पर विशेष जोर दिया।
CRIF के तहत ₹750 करोड़ की परियोजनाओं पर सहमति
बैठक में केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए उत्तराखंड की लगभग ₹750 करोड़ लागत वाली परियोजनाओं को स्वीकृति देने पर सहमति बनी। इससे राज्य में सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।
2,966 करोड़ की 5 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को मंजूरी
बैठक में NHO के अंतर्गत 5 प्रमुख परियोजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई, जिनकी कुल अनुमानित लागत लगभग ₹2,966 करोड़ है। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025-26 तक की ₹530.11 करोड़ की लंबित प्रतिपूर्ति राशि शीघ्र जारी किए जाने का भी अनुरोध किया।
हरिद्वार और कोटद्वार बाईपास परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री धामी ने वर्ष 2027 में प्रस्तावित अर्धकुंभ मेले को देखते हुए हरिद्वार बाईपास परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का अनुरोध किया। साथ ही कोटद्वार बाईपास परियोजना के कार्यों में तेजी लाने की मांग भी रखी। दोनों प्रस्तावों पर केंद्रीय मंत्री ने सहमति व्यक्त की।
₹3,000 करोड़ की नई सड़क परियोजनाओं पर सकारात्मक संकेत
मुख्यमंत्री ने National Highways को Spur के माध्यम से अन्य मार्गों से जोड़ने वाली करीब ₹3,000 करोड़ की परियोजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी देने का अनुरोध किया, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक सहमति दी।
इसके अलावा अल्मोड़ा सिकुड़ा बैंड से NH-309 तक टनल सहित लगभग ₹300 करोड़ की मोटर मार्ग परियोजना पर भी चर्चा हुई और सैद्धांतिक सहमति बनी।
