मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के तीन दिवसीय भ्रमण पर आए हरियाणा के युवाओं ने मुलाकात की। इस दौरान युवाओं ने अपने भ्रमण के अनुभव साझा किए और राज्य में कनेक्टिविटी, पर्यटन, होम-स्टे, सौर ऊर्जा तथा सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
हरियाणा के युवाओं ने कहा कि उत्तराखंड में सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ रेलवे नेटवर्क को भी मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने राज्य के स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर वायु गुणवत्ता की प्रशंसा करते हुए कहा कि होम-स्टे योजनाओं से स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।
युवाओं ने सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास, तीर्थाटन और पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों को भी सराहनीय बताया। उन्होंने सोलर रूफटॉप योजना को राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुकूल उपयोगी पहल बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि अतिथि देवो भवः उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अंतर-राज्यीय भ्रमण से युवाओं को विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विविधता, नवाचारों और विकास कार्यों को समझने का अवसर मिलता है। इससे राज्यों के बीच विचारों और अनुभवों का आदान-प्रदान भी बढ़ता है।
