
उत्तराखंड से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दिनेश आर्य राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। CM पुष्कर सिंह धामी ने दिनेश आर्य को बधाई दी है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि संगठन के प्रति आपका दीर्घकालिक समर्पण, अनुभव और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता सार्वजनिक जीवन में आपकी सतत सक्रियता को दर्शाते हैं। पूर्ण विश्वास है कि राज्यसभा में आपकी भूमिका उत्तराखंड के जनहितों, प्रदेश की आकांक्षाओं और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को राष्ट्रीय पटल पर प्रभावी ढंग से रखने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।
दिनेश आर्य लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं और पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उनके राजनीतिक अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उनके नए दायित्व को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर तब जबकि कुछ महीने बाद उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। उनका राज्यसभा जाना पार्टी को विधानसभा चुनाव में राजनीतिक रूप से फायदा भी दिलाएगा।
