
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान और पहले लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का मुद्दा उठाया। इसके साथ ही झनकैया पुल और सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने एवं जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और जरूरत के अनुसार पुनर्निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने इन कार्यों को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत के साथ संबंधित पुलों का सुदृढ़ीकरण स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, आवागमन और सिंचाई सुविधाओं के लिए जरूरी है। इन कार्यों के शीघ्र पूरा होने से स्थानीय लोगों और किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने दोनों राज्यों के संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बैठक में सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबित मामलों के निस्तारण पर भी विचार-विमर्श हुआ। पूर्व में बनी सहमति के अनुसार अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच आपसी सहयोग, सकारात्मक संवाद और निरंतर समन्वय से परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हुआ है। पूर्व में बनी सहमति के आधार पर अनेक प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई भी पूरी की जा चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष लंबित मामलों का भी आपसी सहमति से शीघ्र समाधान होगा।
मुख्यमंत्री ने परिसंपत्ति संबंधी मामलों में उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग के लिए योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच बेहतर तालमेल के जरिए जनहित से जुड़े विषयों का समाधान करने के प्रयास जारी रहेंगे।
