गोपेश्वर/चमोली: पीपलकोटी में प्रभावित टनल क्षेत्र के स्थलीय निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिला अस्पताल, गोपेश्वर पहुंचे। जहां उन्होंने रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से श्रमिकों के स्वास्थ्य और उपचार के संबंध में भी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक श्रमिक का जीवन अमूल्य है। उन्होंने चिकित्सकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायल श्रमिकों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उनके उपचार में किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे।
सीएम धामी ने निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर घायल श्रमिकों को तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, गंभीर स्थिति में हेली एंबुलेंस और अन्य आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता भी तत्काल सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू किए गए सभी श्रमिकों के उपचार और स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाए तथा उन्हें हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए।
