चमोली: चमोली जनपद के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा एवं पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों तथा बचाव दलों से मौके पर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर भी राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने रेस्क्यू अभियान में जुटी विभिन्न टीमों से मौके पर बातचीत कर अभियान की स्थिति और आगे की रणनीति की जानकारी ली।
3 किलोमीटर लंबी है टीआरटी टनल
टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के तहत बनाई जा रही टीआरटी टनल की लंबाई करीब 3 किलोमीटर है। जानकारी के अनुसार टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी आने की स्थिति बनी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपलब्ध सभी संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस सहित सभी संबंधित टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने को कहा।
22 में से 19 लोगों का रेस्क्यू
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को घटनाक्रम और अब तक किए गए रेस्क्यू अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टनल में फंसे कुल 22 लोगों में से 19 लोगों को अब तक सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि शेष तीन लोगों की तलाश और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। घटना में अभी तक 7 लोगों की दुखद मृत्यु की सूचना है।
