देहरादून। भाजपा प्रदेश कार्यालय, देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में टिहरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने को लेकर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान संगठन को अधिक सशक्त और सक्रिय बनाने, बूथ स्तर तक पार्टी की संरचना को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ। पार्टी की आगामी गतिविधियों और अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए उनकी रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में हुई बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि पार्टी के कार्यक्रमों और केंद्र तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए। इसके साथ ही पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों में और अधिक सक्रिय भूमिका देने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों और अभियानों की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली गई। साथ ही संगठन के स्तर पर बेहतर समन्वय और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर भी मंथन किया गया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री खजान दास सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और सम्मानित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
