देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद, विधायक एवं जिलाध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में विधानसभा स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और जनसंपर्क अभियानों को गति देने पर मंथन हुआ।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश सरकार ने राज्य के प्रत्येक क्षेत्र और हर वर्ग के हितों को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार और संगठन दोनों की प्राथमिकता है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर बेहतर समन्वय आवश्यक है।
बैठक में संगठन को विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं की भूमिका को प्रभावी करने और जनता से सीधा संवाद मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों को प्रभावी तरीके से संचालित करने को लेकर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने में पार्टी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। जमीनी स्तर पर बेहतर संपर्क और समन्वय के माध्यम से योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद एवं राष्ट्रीय मीडिया संयोजक अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, प्रदेश महामंत्री के. पारिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल सहित विधायकगण, पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
