हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री ब्रह्म निवास आश्रम, सप्तसरोवर रोड, भूपतवाला में पूज्य सतगुरु लाल दास महाराज के 51वें निर्वाण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री ने पूज्य सतगुरु लाल दास महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में आध्यात्मिकता को प्राथमिकता देते हुए समाज को सेवा, सत्य और भक्ति के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सतगुरु लाल दास महाराज ने भक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया और समाज को जोड़ने का कार्य किया।
सीएम धामी ने कहा कि सतगुरु लाल दास महाराज की वाणी में अद्भुत शक्ति और उनकी दृष्टि में भगवान बुद्ध के समान असीम करुणा थी। उन्होंने जीवनभर यह संदेश दिया कि सेवा सबसे बड़ा धर्म है।

संतों का सानिध्य सौभाग्य की बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों का सानिध्य और सतगुरु की कृपा प्राप्त होना सौभाग्य की बात है। भारत के संत समाज ने हमेशा धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। संतों के मार्गदर्शन से समाज को धर्म और संस्कृति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि भारत की महान संस्कृति हमें सिखाती है कि कितनी भी कठिन परिस्थितियां क्यों न आएं, अच्छे समाज के निर्माण और विकास के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।
धार्मिक स्थलों के विकास पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में सनातन धार्मिक संस्कृति के पुनर्जागरण का दौर चल रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी कॉरिडोर और उज्जैन में महाकाल कॉरिडोर जैसे कार्यों के साथ उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 की आपदा में क्षतिग्रस्त श्री केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से किया गया है। मंदिर माला मिशन के तहत प्रदेश के विभिन्न मंदिरों के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जा रहा है।
केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे परियोजनाएं
सीएम धामी ने कहा कि श्री केदारनाथ धाम और श्री हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। रोपवे बनने से कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले दुर्गम तीर्थस्थलों तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान होगी और बुजुर्ग तीर्थयात्रियों को भी विशेष सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश कॉरिडोर, आस्था पथ तथा शारदा और यमुना तटों के विकास से जुड़े कार्य भी आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
देहरादून में हिंदू अध्ययन केंद्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून में हिंदू अध्ययन केंद्र बनाया गया है। यहां धर्म और संस्कृति के साथ ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में अध्ययन, शोध और अनुसंधान को बढ़ावा दिया जा रहा है।
57 वर्षों से सेवा कार्य कर रही संस्था
कार्यक्रम में श्री सतगुरु चेतनानंद जी भूरी वाले ने बताया कि संस्था पिछले 57 वर्षों से निरंतर अखंड भोजन की व्यवस्था कर रही है और गरीबों की सेवा के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में ऐसे नियम और कानून लागू किए गए हैं, जिनका अनुसरण पूरे देश में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
