
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और राज्य से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं को लेकर प्रधानमंत्री से सहयोग एवं मार्गदर्शन का अनुरोध किया। बैठक में सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विषय प्रमुखता से उठाए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां और सीमित वित्तीय संसाधन राज्य के विकास के सामने अलग तरह की चुनौतियां प्रस्तुत करते हैं। ऐसे में केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग प्रदेश के विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने राज्यहित से जुड़ी योजनाओं और परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग पर प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे और रेल कनेक्टिविटी के प्रस्ताव उठाए
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के समक्ष कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेस-वे निर्माण की स्वीकृति का अनुरोध किया। इसके साथ ही टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के लिए रोड कम रेल ट्रैक टनल निर्माण, अतिरिक्त अलाइनमेंट का फाइनल लोकेशन सर्वे और स्वीकृति का विषय भी उठाया।
उन्होंने बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन के सर्वेक्षण, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के प्रस्ताव पर भी विचार करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार, आधुनिकीकरण और सिविल-मिलिट्री उपयोग के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग मांगा। साथ ही पर्वतीय एवं सीमित वित्तीय संसाधनों वाले राज्य को EAP Capping से छूट देने का आग्रह किया।
किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान स्थापित करने का अनुरोध
स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रस्ताव के तहत मुख्यमंत्री ने आयुष मंत्रालय द्वारा प्रस्तावित तीन अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थानों में से एक की स्थापना ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में किए जाने का अनुरोध किया। इससे राज्य में आयुर्वेदिक चिकित्सा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
कुंभ-2027 और ऊर्जा परियोजनाओं के लिए केंद्र का आभार
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ-2027 के सफल आयोजन के लिए 500 करोड़ रुपये तथा SASCI के अंतर्गत लगभग 9,500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने RDSS योजना के अंतर्गत स्मार्ट मीटरिंग और विद्युत प्रणाली को मजबूत करने के लिए 3,436.08 करोड़ रुपये की स्वीकृति के लिए भी धन्यवाद दिया।
इसके अलावा चारधाम यात्रा के प्रमुख स्थलों पर ATC टावर की व्यवस्था और चम्पावत बाईपास के लिए 199 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान किए जाने पर भी मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री को भेंट किए उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पाद
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तराखंड की लोककला, पारंपरिक विरासत और स्थानीय उत्पादों से जुड़े उपहार भेंट किए। इनमें मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा, उत्तराखंड का शुद्ध शहद, बदरी घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल शामिल रहे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता और आध्यात्मिक महत्ता को प्रदर्शित करती मां गंगा की प्रतिकृति भी प्रधानमंत्री को भेंट की। बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य से संबंधित विभिन्न विषयों पर केंद्र सरकार से आवश्यक स्वीकृति और सहयोग का अनुरोध किया।
