
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के अवसर पर आयोजित उत्तराखंड दिवस समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पवेलियन का शुभारंभ किया और प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला एवं अन्य विशिष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों की सराहना करते हुए उत्तराखंड के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
स्थानीय उत्पादों में आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने पवेलियन में विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर वहां प्रदर्शित उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला और स्थानीय संसाधनों में आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश के पारंपरिक उत्पाद केवल सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और आजीविका के महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।
व्यापार मेले से कारीगरों को मिल रहा राष्ट्रीय मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला जैसे प्रतिष्ठित आयोजन उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से प्रदेश के कारीगरों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन और नए बाजारों से जुड़ने के अवसर मिलते हैं। इससे स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
वोकल फॉर लोकल और लोकल टू ग्लोबल पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और पारंपरिक कौशल को संरक्षण देने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। वोकल फॉर लोकल और लोकल टू ग्लोबल की भावना के अनुरूप उत्तराखंड सरकार भी प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमों को नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बेहतर पैकेजिंग और आधुनिक तकनीक से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक तकनीक, बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता संवर्धन और प्रभावी विपणन के माध्यम से व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए। इससे स्थानीय उत्पादकों की आय में वृद्धि होगी और युवाओं एवं महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इन उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने पवेलियन में प्रतिभाग कर रहे कारीगरों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देने के साथ प्रदेश को आर्थिक एवं व्यावसायिक दृष्टि से और अधिक सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।
