
उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजन माताओं के मानदेय में दिसंबर 2026 से बढ़ोतरी की घोषणा के बाद कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है। मुख्यमंत्री आवास में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखण्ड और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को आर्थिक संबल मिलेगा तथा उनका मनोबल भी बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में उनकी सेवाएं अत्यंत सराहनीय हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए निरंतर काम कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके योगदान को देखते हुए सरकार उनके हितों के संरक्षण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। सरकार का प्रयास है कि विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही महिलाओं को बेहतर अवसर, सम्मान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के समर्पण से महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को मजबूती मिल रही है।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखण्ड की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत, प्रांतीय उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष भगवती बिष्ट और प्रदेश उपाध्यक्ष राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद
