उत्तराखंड राज्य गठन के रजत जयंती वर्ष के मौके पर गढ़वाल से सांसद अनिल बलूनी ने सभी प्रदेशवासियों को बधाई दी है। अनिल बलूनी ने कहा कि आज का दिन उत्तराखंड के गौरवशाली इतिहास, संघर्षशील जनआंदोलन और हमारे आंदोलनकारियों के अदम्य साहस को नमन करने का दिन है। उन असंख्य वीरों, माताओं-बहनों और युवाओं के बलिदान के कारण ही आज हम देवभूमि उत्तराखंड के स्वतंत्र अस्तित्व का उत्सव मना रहे हैं।
अनिल बलूनी ने कहा कि उत्तराखंड की आत्मा उसकी संस्कृति, परंपरा और प्रकृति में बसती है। यह भूमि जहाँ एक ओर हिमालय की पवित्रता और गंगा-यमुना की निर्मलता का प्रतीक है, वहीं दूसरी ओर यह देश की सीमाओं की प्रहरी भी है।
पीएम मोदी के उत्तराखंड दौरे को लेकर अनिल बलूनी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है। चारधाम ऑलवेदर रोड, रेल संपर्क, सीमांत क्षेत्रों का पुनर्निर्माण, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में हो रहा अभूतपूर्व परिवर्तन हमारे संकल्प को और मजबूत करता है।
बलूनी ने कहा कि हमारा लक्ष्य है एक ऐसा विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड बनाने का जो अपनी संस्कृति पर गर्व करे, युवाओं को अवसर दे, सीमांत क्षेत्रों को सशक्त बनाए और हर परिवार तक विकास की रोशनी पहुँचाए। राज्य आंदोलन की भावना को जीवित रखते हुए आइए हम सब मिलकर उस उत्तराखंड का निर्माण करें, जिसका सपना हमारे पूर्वजों ने देखा था। जहाँ संघर्ष की भावना, संस्कृति का गौरव और विकास का संकल्प साथ-साथ चले।
