देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में पशुपालन विभाग तथा गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग में चयनित 101 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 88 पशुधन प्रसार अधिकारी और 13 गन्ना पर्यवेक्षक शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना युवाओं के परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। आज से वे उत्तराखंड सरकार का अभिन्न हिस्सा बनने के साथ ही जनसेवा की महत्वपूर्ण यात्रा शुरू कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कार्मिकों से अपेक्षा की कि वे अपने ज्ञान, ऊर्जा और नए विचारों के माध्यम से शासकीय कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि जनता की सेवा और जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। कार्मिकों को अपनी कार्यशैली से दूसरों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालन तथा गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था से सीधे जुड़े हुए हैं। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में पशुपालन हजारों परिवारों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। इसके साथ ही यह ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और गांवों की समृद्धि में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पशुपालन को रोजगार, स्वरोजगार और ग्रामीण विकास का मजबूत माध्यम बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्थानीय स्तर पर आजीविका के अधिक अवसर मिलें और पलायन की समस्या को भी कम किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा दिया जा रहा है।
पशुपालकों को अनुदान पर गाय, बकरी, भेड़ और मुर्गी पालन की इकाइयां उपलब्ध कराने के साथ ही पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण और बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनियुक्त पशुधन प्रसार अधिकारियों और गन्ना पर्यवेक्षकों की भूमिका ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और नई सोच का लाभ सरकारी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मिलना चाहिए। सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें जिम्मेदार और संवेदनशील लोकसेवक के रूप में आगे बढ़ने के अवसर भी प्रदान कर रही है।
