Badrinath Kapat Open: बदरीनाथ धाम के कपाट आज प्रातः सवा 6 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए और जैसे ही मंदिर के कपाट खुले वैसे ही पूरा धाम जय बदरी विशाल के जयकारों से गूंज उठा बर्फ से ढकी चोटियों के बीच बसे इस दिव्य धाम में आस्था का ऐसा अद्भुत दृश्य देखने को मिला जिसने हर श्रद्धालु के मन को भक्ति से भर दिया है।
बदरीनाथ धाम उत्तराखंड के चमोली जिले में अलकनंदा नदी के तट पर समुद्र तल से लगभग 3 हजार मीटर से अधिक ऊंचाई पर स्थित है। यह धाम भगवान विष्णु को समर्पित है जिन्हें यहां बदरी नारायण के रूप में पूजा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह वही स्थान है जहां भगवान विष्णु ने कठोर तपस्या की थी और माता लक्ष्मी ने बदरी वृक्ष का रूप धारण कर उन्हें तप की कठोर परिस्थितियों से बचाया था। इसी कारण इस स्थान का नाम बदरीनाथ पड़ा और इसे सनातन धर्म के सबसे पवित्र धामों में गिना जाता है।
सड़क मार्ग से कैसे पहुंचे बद्रीनाथ धाम (How to Reach Badrinath Dham by Road)
अगर बात करें कि बदरीनाथ धाम कैसे पहुंचे तो इसके लिए सबसे प्रमुख मार्ग हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून से होकर जाता है इन शहरों से सड़क मार्ग के जरिए बस, टैक्सी या निजी वाहन से यात्रा की जा सकती है यात्रा का मुख्य मार्ग ऋषिकेश से देवप्रयाग, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग, नंदप्रयाग, जोशीमठ होते हुए बदरीनाथ तक पहुंचता है जोशीमठ से बदरीनाथ की दूरी लगभग 45 किलोमीटर है जो पहाड़ी रास्तों से होकर गुजरती है इस मार्ग पर यात्रा करते समय श्रद्धालुओं को हिमालय की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता के दर्शन होते हैं।
रेल मार्ग से कैसे पहुंचे बद्रीनाथ धाम (How to Reach Badrinath Dham by Train)
रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हरिद्वार और ऋषिकेश सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन हैं वहीं हवाई यात्रा के लिए देहरादून का जॉली ग्रांट एयरपोर्ट सबसे नजदीक है जहां से आगे सड़क मार्ग द्वारा यात्रा करनी होती है इसके अलावा हेलीकॉप्टर सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं जिससे श्रद्धालु कम समय में बदरीनाथ धाम तक पहुंच सकते हैं।
चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य (Registration is mandatory for the Char Dham Yatra)
बदरीनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा सके श्रद्धालु उत्तराखंड सरकार की आधिकारिक वेबसाइट https://registrationandtouristcare.uk.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं इसके अलावा ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध कराई गई है यात्रा पर जाने से पहले पंजीकरण कराना बेहद जरूरी है अन्यथा यात्रा में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
जानिए क्या है बद्रीनाथ धाम का महत्व (Discover the Significance of Badrinath Dham)
बदरीनाथ धाम का धार्मिक महत्व अत्यंत विशेष माना जाता है यह चारधाम यात्रा का एक प्रमुख धाम है जिसमें यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ शामिल हैं हिंदू धर्म में यह मान्यता है कि बदरीनाथ धाम के दर्शन करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है और व्यक्ति के सभी पापों का नाश हो जाता है यह धाम वैष्णव संप्रदाय के लिए विशेष आस्था का केंद्र है और आदि शंकराचार्य द्वारा इसकी पुनर्स्थापना किए जाने के बाद से इसकी महत्ता और भी बढ़ गई है।
बदरीनाथ धाम केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र भी है यहां आने वाले श्रद्धालु केवल दर्शन ही नहीं करते बल्कि अपने जीवन में शांति, संतुलन और सकारात्मकता का अनुभव भी करते हैं अलकनंदा नदी का कलकल प्रवाह, चारों ओर फैली हिमालय की विशाल पर्वत श्रृंखलाएं और मंदिर की दिव्यता मिलकर एक ऐसा वातावरण तैयार करती हैं जो हर किसी को आत्मिक शांति प्रदान करता है।
