सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने सूचना भवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया
देहरादून; गणतंत्र दिवस के अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने सूचना भवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के प्रति निष्ठा, देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई।
ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि यह भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि संविधान ने देश के नागरिकों को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराया है, जिनका ईमानदारी से पालन करना हर नागरिक और विशेष रूप से लोकसेवकों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करें और संविधान की भावना के अनुरूप राज्य व देश की प्रगति में सक्रिय योगदान दें।
इस अवसर पर सूचना विभाग के अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी, उपनिदेशक रवि बिजारनिया, सहायक निदेशक अर्चना सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
