दक्षेश्वर महादेव मंदिर में पूजा करते मुख्यमंत्री धामी, साधु-संतों से किया संवाद
हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज कनखल-हरिद्वार स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने दुग्धाभिषेक कर प्रदेश की प्रगति, खुशहाली और आगामी कुंभ मेले के सकुशल आयोजन की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी मंदिर में भी दर्शन किए।
साधु-संतों और अखाड़ा पदाधिकारियों से भेंट
दक्षेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न अखाड़ों के पदाधिकारियों और साधु-संतों से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने संत समाज के मार्गदर्शन और सहयोग को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण बताया।
वर्ष 2027 के कुंभ मेले की तैयारियों पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाला कुंभ मेला प्रदेश के लिए एक बड़ा अवसर है। कुंभ मेला और कुंभ नगरी हरिद्वार का देश और दुनिया में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है।
दिव्य और भव्य कुंभ के आयोजन के लिए सरकार की तैयारियां
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार कुंभ मेले के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए ठोस कदम उठा रही है। कुंभ मेला क्षेत्र का विस्तार किया जा रहा है और मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता और सुरक्षा को लेकर प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु बेहतर अनुभव लेकर लौट सकें।
संत समाज से सहयोग बनाए रखने का आग्रह
मुख्यमंत्री ने साधु-संतों से मिल रहे सहयोग और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया और आगामी कुंभ मेले के सफल आयोजन के लिए संत समाज तथा स्थानीय नागरिकों से निरंतर सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया।
संस्कृति संरक्षण के प्रयासों की सराहना
इस अवसर पर श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव महंत रवींद्र पुरी ने संस्कृति के संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिव्य और भव्य कुंभ मेले के आयोजन के लिए संत समाज राज्य सरकार को पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।
