
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ₹284 करोड़ से अधिक की 67 विकास योजनाओं की सौगात दी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा करते हुए सीमांत क्षेत्रों में सुविधाओं को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने नैनीसैनी देवत से कनारी पाभैं तक मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण, कैलीगाड़ पुल से बेस अस्पताल तक सड़क के सुधारीकरण और हॉटमिक्स कार्य की घोषणा की। इसके साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने तथा अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र मवानी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई।
मूनाकोट के रियांसी में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना को स्वीकृति देने, अस्कोट लिफ्ट पेयजल योजना का कार्य करने और विभिन्न मंदिरों तक पहुंच मार्ग तथा सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की भी घोषणा की गई। ग्राम चिमुशी में गाड़ देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण, ज्याला मंदिर छाना पाण्डेय में सीसी मार्ग निर्माण और चण्डाक–छेड़ा दिगतोली सड़क के सुधारीकरण एवं चौड़ीकरण जैसे कार्य भी प्रस्तावित घोषणाओं में शामिल रहे। कार्यक्रम में उद्योग, कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभाग की स्वरोजगारपरक योजनाओं के लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने जनसमूह के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम भी सुना और कहा कि यह कार्यक्रम जनभागीदारी तथा राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।
आदि कैलाश यात्रा से पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश भ्रमण के बाद क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती रुचि का उल्लेख किया।
इस वर्ष आदि कैलाश यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से अधिक पहुंचने की संभावना है। सीएम धामी ने कहा कि पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि से होमस्टे संचालकों, परिवहन कारोबारियों, स्थानीय उत्पादों के विक्रेताओं और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं। सीएम धामी ने पिथौरागढ़ में ₹750 करोड़ से अधिक की लागत से विकसित किए जा रहे मेडिकल कॉलेज में MBBS प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने का भी उल्लेख किया गया। इससे सीमांत जनपद के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़–बांस–आंवलाघाट सड़क एवं पुल के निर्माण से गंगोलीहाट की दूरी कम होगी और हाट कालिका मंदिर तक पहुंचना आसान होगा। इन योजनाओं का प्रभाव निर्माण कार्यों की प्रगति, सुविधाओं के संचालन और स्थानीय स्तर पर मिलने वाले लाभों से आंका जाएगा।
