पितृपक्ष के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने पूजनीय पिताजी एवं समस्त पूर्वजों का श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए विधि-विधान से श्राद्ध एवं तर्पण अर्पित किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पूज्य पिताजी के विचार, संस्कार और सिद्धांत आज भी उनके जीवन के पथप्रदर्शक हैं। उनके जीवन से प्राप्त सत्य, कर्तव्यनिष्ठा और संस्कार हर परिस्थिति में सही मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने अपने पूज्य पिताजी की पुण्य स्मृतियों को नमन करते हुए प्रार्थना की कि उनका आशीर्वाद एवं कृपाछाया सदैव बनी रहे और उनके दिखाए आदर्शों पर चलने की शक्ति मिलती रहे।
पितृपक्ष भारतीय संस्कृति में अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता, श्रद्धा और स्मरण का अवसर है। इस अवसर पर पूर्वजों का स्मरण करते हुए उनके प्रति श्रद्धा अर्पित की जाती है और उनके संस्कारों एवं आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया जाता है।
