सिटी फॉरेस्ट पार्क में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित सिटी फॉरेस्ट पार्क में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एमडीडीए द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव मोहन सिंह बर्निया, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
एक हजार से अधिक लोगों ने किया सामूहिक योग
हरियाली और प्राकृतिक वातावरण के बीच आयोजित कार्यक्रम में एक हजार से अधिक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। अंत में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने योग प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
योग को मिल रही है नई पहचान
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को विश्वभर में नई पहचान मिली है। आज करोड़ों लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं और इसके माध्यम से स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति और संतुलित जीवन का भी आधार है।
उत्तराखंड में योग और वेलनेस को बढ़ावा
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड का प्राकृतिक वातावरण योग और ध्यान के लिए बेहद उपयुक्त है। राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि योग दिवस जैसे आयोजन लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सिटी फॉरेस्ट पार्क बन रहा लोगों की पसंद
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि सिटी फॉरेस्ट पार्क को इस तरह विकसित किया गया है कि लोग यहां प्रकृति के बीच समय बिता सकें। पार्क में हर उम्र के लोगों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि योग दिवस का आयोजन भी इसी सोच का हिस्सा है, ताकि लोग प्रकृति और स्वास्थ्य दोनों से जुड़ सकें।
पार्क का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के बाद मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सिटी फॉरेस्ट पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क में विकसित विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया और लोगों से बातचीत कर उनकी राय भी जानी
