उत्तराखंड लोक भवन में आयोजित तीन दिवसीय अखंड पाठ का आज समापन हुआ। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के सम्मुख शीश नवाया और देश एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए अरदास की। इसके बाद राज्यपाल ने प्रसाद भी ग्रहण किया।
राज्यपाल ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन वाणी मानवता, प्रेम, करुणा, समानता, विनम्रता और सेवा का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि इन शाश्वत मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करना ही गुरु साहिब के प्रति सच्ची श्रद्धा है।
राज्यपाल ने प्रार्थना की कि गुरु साहिब की कृपा और उनकी पावन वाणी का प्रकाश सभी के जीवन में शांति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे। उन्होंने कामना की कि उत्तराखण्ड और सम्पूर्ण देश निरंतर सुख, समृद्धि और भाईचारे के मार्ग पर आगे बढ़े।
