मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने बदरीनाथ मास्टर प्लान के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने आस्था पथ सहित अन्य निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ धाम की धार्मिक, आध्यात्मिक और पारंपरिक गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बदरीनाथ धाम को उसके धार्मिक एवं पौराणिक महत्व के अनुरूप भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के लिए तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। मास्टर प्लान के तहत विकसित की जा रही सुविधाओं से धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव में हुए शामिल
इसके बाद मुख्यमंत्री ने श्री स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान के तत्वावधान में आयोजित ‘बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव’ में प्रतिभाग किया। महोत्सव में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए 150 से अधिक संत-साध्वी और 1,200 से अधिक हरिभक्त शामिल हुए। इस अवसर पर श्री स्वामीनारायण गुरुकुल संस्थान के पूज्यपाद महंत स्वामी श्री देवप्रसाद दास जी स्वामी, पूज्यपाद सद्गुरुवर्य धर्मवल्लभ दास जी स्वामी सहित बड़ी संख्या में संत और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री बदरीनाथ धाम आना अपने आप में एक विशिष्ट आध्यात्मिक अनुभूति है। भगवान बदरी विशाल की कृपा और आशीर्वाद से इस पावन धाम में संतों एवं श्रद्धालुओं के बीच कथा महोत्सव में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि श्री बदरीनाथ धाम भारत की सनातन चेतना और आध्यात्मिक विरासत का प्रमुख केंद्र है। भारतीय शास्त्रों में भी इस पवित्र धाम की महिमा का विशेष वर्णन मिलता है। यह भूमि सदियों से तप, साधना और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र रही है।
