मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और मानवता के आदर्शों के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा प्रदान की। उनके विचार और जीवन दर्शन आज भी समाज और राष्ट्र को सत्य, शांति एवं मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने अपनी सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण से सार्वजनिक जीवन में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका जीवन देशसेवा, सादगी और कर्तव्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि ‘जय जवान, जय किसान’ का लाल बहादुर शास्त्री का अमर मंत्र देश की सुरक्षा में जवानों की भूमिका और देश के अन्नदाताओं के सम्मान एवं योगदान के महत्व को सदैव रेखांकित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जैसे महान विभूतियों के विचार एवं आदर्श राष्ट्रसेवा की भावना को सदैव मजबूत करते रहेंगे। उनके जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेकर देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
