भीमताल में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के नए अकादमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम का उद्घाटन करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
भीमताल (नैनीताल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जनपद के भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में नवनिर्मित अकादमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों का शुभारंभ भी किया। साथ ही संस्थान के मेधावी छात्र-छात्राओं और ग्राफिक एरा कौशल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत निःशुल्क सर्टिफिकेट कोर्स कर रहे विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
शिक्षा और युवाओं को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए यह अवसर विशेष महत्व का है, क्योंकि उत्तराखंड सरकार ने सेवा, सुशासन और विकास के पांच वर्ष सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि इन पांच वर्षों में राज्य सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, रोजगार और युवाओं के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया है।
युवाओं के सपनों से तय होता है राज्य का भविष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य का भविष्य केवल सड़कों और इमारतों से नहीं, बल्कि उसके विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और युवाओं के सपनों से तय होता है। उन्होंने कहा कि ग्राफिक एरा ने शिक्षा, शोध, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में जो पहचान बनाई है, वह पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है। संस्थान ने यह साबित किया है कि उत्तराखंड जैसा पर्वतीय राज्य भी विश्वस्तरीय शिक्षा का केंद्र बन सकता है।
नया अकादमिक ब्लॉक देगा शोध और नवाचार को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि नया अकादमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएगा। इससे शोध, नवाचार और रचनात्मक सोच को नई गति मिलेगी। उन्होंने भीमताल में ग्राफिक एरा परिसर की स्थापना को पर्वतीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
गरीब और प्रतिभाशाली छात्रों के लिए मुफ्त प्रोफेशनल कोर्स
मुख्यमंत्री ने आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क होटल मैनेजमेंट एवं इंजीनियरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू करने की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि कुमाऊं मंडल में ग्राफिक एरा मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय की स्थापना की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के साथ रोजगार और शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
AI, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को शिक्षा, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नई शिक्षा नीति के तहत विश्वविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और अन्य उभरती तकनीकों से जुड़े आधुनिक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देहरादून में साइंस सिटी, हल्द्वानी में एस्ट्रो पार्क और अल्मोड़ा में साइंस सेंटर जैसे संस्थानों के माध्यम से वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वे केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित न रहें, बल्कि नेतृत्व क्षमता, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाना है। इसी उद्देश्य से स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है
नकल विरोधी कानून से युवाओं का बढ़ा भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को नकल माफिया से बचाने के लिए उत्तराखंड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है और पिछले पांच वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है।
