मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के मियांवाला में करीब ₹8 करोड़ 64 लाख की लागत से विकसित जल सृष्टि पार्क का लोकार्पण किया। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने मुख्यमंत्री की घोषणा के अंतर्गत इस पार्क का निर्माण किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पार्क आधुनिक सुविधाओं और प्राकृतिक सौंदर्य का सुंदर समन्वय है। यहां बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए सुविधाएं विकसित की गई हैं।
पार्क की खास बात यह है कि निर्माण के दौरान यहां पहले से मौजूद पुराने तालाब को समाप्त करने के बजाय उसका पुनर्जीवन किया गया है। तालाब के बीच सुंदर आइलैंड विकसित किया गया है और लोगों के मनोरंजन के लिए पेडल बोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब रायपुर क्षेत्र के लोगों को देहरादून में ही एक खूबसूरत प्राकृतिक स्थल के साथ नैनीताल जैसी फीलिंग का अनुभव मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में जल और जंगल जीवन का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। पुराने तालाबों और जल स्रोतों का पुनर्जीवन पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हमारी विरासत को बचाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने का भी प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है। वास्तविक विकास वही है, जिससे लोगों का जीवन सुगम हो, शहर सुंदर बने और पर्यावरण सुरक्षित रहे।
उन्होंने जल सृष्टि पार्क को इसी सोच का उदाहरण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग तक पहुंचे।
