
चंपावत: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत जिले को विकास की बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने जनपद में ₹165.68 करोड़ की लागत वाली 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन भी किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय काम करने वाले पांच उत्कृष्ट लाभार्थियों को सम्मानित किया।
आदर्श चंपावत के संकल्प को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि आदर्श चंपावत के संकल्प और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन योजनाओं से सड़क, जल निकासी, नागरिक सुविधाओं, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी।
टनकपुर-बनबसा को जलभराव से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ₹86.83 करोड़ की स्वीकृत जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताया। इस परियोजना के तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में लगभग 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था का निर्माण और सुधार किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान दोनों क्षेत्रों में होने वाले जलभराव से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
टनकपुर में बनेगा आधुनिक बस अड्डा, शारदा कॉरिडोर पर भी काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर और बनबसा उत्तराखंड एवं नेपाल के बीच व्यापार, आवागमन, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, शारदा कॉरिडोर के तहत शारदा घाट के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के लिए पहले चरण में ₹107.35 करोड़ की परियोजना पर काम चल रहा है। इस कॉरिडोर की कुल प्रस्तावित परियोजना लागत ₹3,000 करोड़ से अधिक है।
पूर्णागिरि धाम में ₹45 करोड़ से बनेगा रोपवे
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मां पूर्णागिरि धाम में लगभग ₹45 करोड़ की लागत से रोपवे निर्माण का कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए ₹48.38 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। वहीं, बनबसा में भारत सरकार की लगभग ₹502 करोड़ की लागत वाली लैंड पोर्ट परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार, आवागमन और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
लोहाघाट में बनेगा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज
मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों को खेल प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही लगभग ₹55.53 करोड़ की लागत से विज्ञान केंद्र (साइंस सेंटर) स्थापित किया जा रहा है। वहीं, लगभग ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जा रहा है। इन परियोजनाओं से जिले में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत होंगी।
आदर्श उत्तराखंड के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा चंपावत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ गांवों, सीमांत क्षेत्रों और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचे। चंपावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने के लिए सुनियोजित तरीके से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आदर्श चंपावत की परिकल्पना केवल एक जिले के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आदर्श उत्तराखंड के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए।
