देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल ऐप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ ऐप को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए संस्था को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग से किसानों को कृषि से जुड़ी आवश्यक जानकारियां और सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने में इस तरह की पहल उपयोगी साबित हो सकती है।
मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ ऐप के माध्यम से किसानों को रियल टाइम मौसम संबंधी जानकारी और अलर्ट, फसल-विशिष्ट कृषि सलाह, एआई आधारित फसल रोग पहचान, कृषि एवं बाजार संबंधी जानकारी के साथ परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
ऐप में स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने से संबंधित सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और स्वयं सहायता समूहों को तकनीक के माध्यम से बेहतर जानकारी और बाजार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि ऐप को किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से किसानों को कृषि उत्पादन से लेकर बाजार तक आवश्यक डिजिटल सहयोग उपलब्ध कराना है।
