चमोली: मायापुर (पीपलकोटी), चमोली स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देर रात राज्य आपदा परिचालन केंद्र, देहरादून पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान की कमान संभाली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू किए गए मजदूरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे संवाद कर उनका हालचाल जाना और उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने मजदूरों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है तथा उनके उपचार और पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने आपदा परिचालन केंद्र से चमोली जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना और अन्य संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा। उन्होंने पल-पल की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है और बचाव अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
सभी एजेंसियां रेस्क्यू अभियान में जुटीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सभी लोगों को सुरक्षित बाहर नहीं निकाल लिया जाता, तब तक राहत एवं बचाव अभियान पूरी ताकत और समन्वय के साथ जारी रहेगा।
घटनास्थल पर जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं मौजूद रहकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें संयुक्त रूप से बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर आवश्यक संसाधन, मशीनरी और चिकित्सा सुविधाएं भी तत्काल उपलब्ध कराई गई हैं।
