
उत्तराखंड में गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा और जलीय जैव विविधता के संरक्षण की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महत्वपूर्ण पहल की। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने हरिद्वार के अमरापुर घाट पर मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण एवं संवर्धन करने के साथ जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देना और नदी के पारिस्थितिकीय संतुलन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मां गंगा केवल आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक ही नहीं, बल्कि समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों का महत्वपूर्ण आधार भी हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नदियों में पाए जाने वाले जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन प्राकृतिक मत्स्य संपदा को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस तरह के प्रयासों से जलीय पारिस्थितिकी के संरक्षण के साथ मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को भी प्रोत्साहन मिलता है।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को जरूरी बताते हुए कहा कि यह केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने आमजन से गंगा सहित प्रदेश की सभी नदियों को स्वच्छ रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियां और प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण के साथ विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, समृद्ध और पर्यावरणीय दृष्टि से सुरक्षित भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।
