खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोहियाहेड में ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को बढ़ावा देते हुए स्थानीय कारोबार और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करते नजर आए। मुख्यमंत्री पैदल चलते हुए आम लोगों के बीच पहुंचे और स्थानीय रूप से लोकप्रिय रवि के स्टॉल पर रुककर टिक्की का स्वाद लिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने रवि से बातचीत कर उनके व्यवसाय के बारे में जानकारी ली और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के जरिए आजीविका अर्जित करने के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री को अपने बीच सहज अंदाज में पैदल चलते हुए देखकर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से आत्मीय संवाद किया और उनके बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों और छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहन देना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘वोकल फॉर लोकल’ केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि जब लोग अपने आसपास के स्थानीय उत्पादों और सेवाओं को प्राथमिकता देते हैं, तो इसका सीधा लाभ स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों, युवाओं और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को मिलता है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही आत्मनिर्भर समाज और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के संकल्प को भी गति मिलती है।
मुख्यमंत्री का स्थानीय लोगों के बीच इस सहज और आत्मीय अंदाज में पहुंचना क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री की सादगी तथा स्थानीय व्यवसायों को प्रोत्साहित करने के उनके प्रयास की सराहना की।
