खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के मेलाघाट रोड पर भ्रमण के दौरान मिलन डेरी में चाय की चुस्कियों के साथ स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर क्षेत्र के कारोबार और स्थानीय उत्पादों को लेकर भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों, दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्थानीय स्तर पर होने वाला कारोबार न केवल छोटे व्यापारियों को मजबूती देता है, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी गति प्रदान करता है।
‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की अपील
सीएम धामी ने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड की मजबूत नींव है। उन्होंने लोगों से स्थानीय उत्पादों को अपनाने और स्थानीय कारोबारियों को प्रोत्साहित करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों और छोटे कारोबारियों को बढ़ावा मिलने से प्रदेश के भीतर आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के संकल्प को भी बल मिलेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि स्थानीय को अपनाएं और अपने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में योगदान दें।
