चम्पावत। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत के रामलीला मैदान धूरा में आयोजित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने चम्पावत के सर्वांगीण विकास के लिए कुल 62.97 करोड़ रुपये की 50 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्थान धूरा में पेयजल योजना, धूरा से सेतीचौड़ ब्याला तक संपर्क मोटर मार्ग और ग्राम पंचायत ककनई के तोक बूंगा दुर्गापीपल तक सड़क निर्माण शामिल है।
इसके अलावा भागिना भंडारी में मुख्य सड़क से राजकीय इंटर कॉलेज एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय दयारतोली तक सीसी मार्ग और इंटरलॉकिंग टाइल्स का कार्य किया जाएगा। धन एवं बस्तियागूंठ के विभिन्न मंदिरों का सौंदर्यीकरण भी प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमोड़ी, भलुवागाड़ी, डोलाकांडा, फुरकियाझाला, छतकोट, बेलखेत, खिरद्वारी, बुडम, झालाकुड़ी, नौलापानी और बस्तियागूंठ के मास्वाड तोक सहित विभिन्न क्षेत्रों में भूकटाव एवं बाढ़ से सुरक्षा के लिए वायरक्रेट कार्य किए जाएंगे।
इसके साथ ही ग्राम पंचायत पोथ के लदिया नदी में झूला पुल, दियूरी से चौड़ा तक सड़क का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, डांडा ककनई में सिंचाई के लिए नलकूप, सुखीढांग-डांडा-मीनार मोटर मार्ग में हॉटमिक्स तथा बुडम के कठोल में झूला पुल निर्माण की भी घोषणा की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति से कुमाऊंनी भाषा में संवाद किया। उन्होंने कहा कि वह अपनी बहनों, माताओं, बेटियों और भांजियों के बीच अपने घर आए हैं। मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति से रक्षा सूत्र बंधवाकर सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव के माध्यम से सरकार की ओर से महिलाओं के सशक्तिकरण और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने का संदेश भी दिया गया। चम्पावत में घोषित विकास योजनाओं से क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पुल और धार्मिक स्थलों से जुड़ी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
