सीएम धामी लैंड पोर्ट परियोजना की समीक्षा करते हुए
नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष जयंत सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की जिसमें राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने चम्पावत जनपद के बनबसा क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर निर्माणाधीन आधुनिक लैंड पोर्ट परियोजना की प्रगति की जानकारी ली उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के लिए रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि इसे एशियन हाईवे से जोड़ा जा रहा है जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापार और आवागमन को नई गति मिलेगी।
सीएम धामी ने इस परियोजना को सीमावर्ती क्षेत्रों के आर्थिक विकास का मजबूत आधार बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा जिससे स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि होगी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
बैठक में पिथौरागढ़ जनपद के सीमावर्ती क्षेत्रों धारचूला और झूलाघाट में सीमा व्यापार आवागमन और आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई मुख्यमंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना बेहद जरूरी है ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों को स्थानीय आवश्यकताओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ाया जाए उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता देना बेहद आवश्यक है ताकि वहां का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।
