
उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने छठ पूजा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की। मुख्य सचिव ने कहा कि छठ पूजा आस्था, श्रद्धा, त्याग और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम पर्व है। यह पर्व हमें सूर्यदेव और प्रकृति के प्रति सम्मान प्रकट करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि स्वच्छता, अनुशासन, आत्मसंयम और सामाजिक समरसता का भी संदेश देती है। इस पर्व के माध्यम से समाज में आपसी सहयोग, एकता और पारंपरिक मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा मिलती है।
प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है छठ पर्व
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि छठ पूजा हमें प्रकृति के महत्व को समझने और उसके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करती है। सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा प्रकृति और मानव जीवन के बीच गहरे संबंध को दर्शाती है। उन्होंने कामना की कि सूर्यदेव एवं छठी मैया की कृपा से सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। साथ ही उत्तराखंड निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।
