
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह द बीटल्स पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग उत्तराखंड में किए जाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, ‘CLOVER’ नाम से प्रस्तावित फिल्म परियोजना की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया, जिसे बीटल्स आश्रम के नाम से भी जाना जाता है, में की जानी प्रस्तावित है।
इस परियोजना का निर्देशन ऑस्कर पुरस्कार विजेता फिल्म निर्देशक सर सैम मेंडेस कर रहे हैं। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से तैयार की जा रही इस फिल्म श्रृंखला का नाम ‘द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ है। इसके अंतर्गत द बीटल्स के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। इन फिल्मों को अप्रैल 2028 में विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने का प्रस्ताव है।
प्रतिनिधिमंडल के मुताबिक, ऋषिकेश में शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और लगभग 150 भारतीय क्रू सदस्यों के साथ स्थानीय तकनीशियनों एवं अन्य सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से जुड़े कार्यों का समन्वय ऑन द रोड इंडिया कर रहा है। इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ होटल, परिवहन और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और विविध शूटिंग लोकेशन के कारण प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना रहा है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म निर्माताओं को सुविधाएं और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रस्तावित शूटिंग से ऋषिकेश की अंतरराष्ट्रीय पहचान और उत्तराखंड में फिल्म पर्यटन की संभावनाओं को नया प्रोत्साहन मिल सकता है।
